जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ऐतिहासिक जीत – स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी
स्वच्छ, सुदृढ़ और विकसित चिरमिरी हमारी प्राथमिकता – नवनिर्वाचित महापौर राम नरेश राय
भाजपा की प्रचंड जीत का बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ जश्न
निर्दलीय प्रत्याशी बलदेव दास भी झूमे, कांग्रेस की हार पर मनाया जश्न
भाजपा की ऐतिहासिक जीत से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह, विकास की नई गाथा लिखने का संकल्प
(जितेंद्र मिश्रा की रिपोर्ट)
एमसीबी/चिरमिरी। नगरीय निकाय चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए नगर पालिक निगम चिरमिरी और नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। चिरमिरी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी राम नरेश राय ने कांग्रेस के डॉ. विनय जायसवाल को 5692 मतों से हराते हुए 18891 वोटों के साथ शानदार जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस को 13199 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
चिरमिरी नगर निगम को प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीट माना जा रहा था, और विभिन्न चैनलों ने अपने एक्जिट पोल में भाजपा को कमजोर आंका था। लेकिन मतगणना शुरू होते ही मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की कुशल रणनीति और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत ने कांग्रेस की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ी, भाजपा ने बड़ी बढ़त हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
नगर निगम के 40 वार्डों में से 27 पर भाजपा के पार्षद प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 12 वार्डों में संतोष करना पड़ा। वहीं, 2 निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत दर्ज करने में सफल रहे।श्याम बिहारी का चला जादू, भाजपा की प्रचंड जीत
भाजपा की इस जीत के सूत्रधार प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उनकी कुशल रणनीति, चुनावी प्रबंधन और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कला ने भाजपा को इस ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाया। उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता से संवाद किया, नाराज नेताओं को मनाया और भाजपा सरकार के 13 महीने के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
उनके नेतृत्व में चिरमिरी, मनेंद्रगढ़ और झगराखंड में भाजपा ने अप्रत्याशित प्रदर्शन किया और कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्याम बिहारी जायसवाल की रणनीति और जनता के प्रति उनकी निष्ठा ने भाजपा को चिरमिरी में कमल खिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
स्वच्छ, सुदृढ़ और विकसित चिरमिरी हमारी प्राथमिकता – नवनिर्वाचित महापौर राम नरेश राय
चिरमिरी में भाजपा की शानदार जीत के बाद मेयर प्रत्याशी राम नरेश राय ने कहा – यह जीत जनता जनार्दन की जीत है। भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता की जीत है, जिन्होंने कड़ी मेहनत कर चिरमिरी में कमल खिलाया। अब चिरमिरी को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा। हमारा लक्ष्य सिर्फ स्वच्छ चिरमिरी ही नहीं, बल्कि सुदृढ़ और विकसित चिरमिरी बनाना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्थायित्व, रोजगार, शिक्षा और जागरूक चिरमिरी के सपने को साकार करेगी।
मनेंद्रगढ़ में भी भाजपा का परचम, कांग्रेस को तगड़ा झटका
मनेंद्रगढ़ में भी भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका पर कब्जा जमाया। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी, जिसका परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस यहां भी धराशायी हो गई। मंत्री जायसवाल लगातार मैदान में डटे रहे, कार्यकर्ताओं से संवाद किया, चुनावी रणनीति बनाई और मतदाताओं को भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने न केवल कार्यकर्ताओं को संगठित किया, बल्कि टिकट को लेकर नाराज नेताओं को भी मना लिया। उनकी रणनीति इतनी कारगर रही कि कांग्रेस पूरी तरह से बेदम नजर आई।
मतगणना समाप्त होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। भाजपा प्रत्याशियों को बैंड-बाजे के साथ घर तक पहुंचाया गया और जगह-जगह फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया।
चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में भाजपा समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। पूरे नगर में भाजपा की जीत का उत्साह देखने लायक था।
निर्दलीय प्रत्याशी बलदेव दास भी झूमे
इस चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे बलदेव दास भी भाजपा की जीत से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने खुद चुनाव हारने के बावजूद कांग्रेस की हार पर जश्न मनाया। भाजपा की जीत के बाद बलदेव दास डीजे की धुन पर थिरकते दिखे और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर नाचे। उन्होंने कहा –"कांग्रेस ने टिकट वितरण में जो गड़बड़ी की, उसका खामियाजा भुगतना पड़ा। चिरमिरी की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर यह साबित कर दिया कि अब विकास की राजनीति चलेगी।
भाजपा की इस प्रचंड जीत से कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में भाजपा ने जिस तरह से जीत हासिल की, वह भविष्य में भी पार्टी के लिए संजीवनी साबित होगी।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की रणनीति, राम नरेश राय का नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत ने यह सुनिश्चित कर दिया कि अब चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।




