केंद्रीय विद्यालय चिरमिरी: कक्षा 10वीं और 12वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून

 चिरमिरी (जितेंद्र मिश्रा)। केंद्रीय विद्यालय चिरमिरी में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 10वीं एवं 12वीं (विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग) में सीमित रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। यह जानकारी विद्यालय के प्राचार्य श्री पाल उदय अरोंग ने दी।


प्रवेश के इच्छुक छात्र 14 जून से 20 जून 2025 तक प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित होकर ऑफलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश फॉर्म विद्यालय की वेबसाइट https://secl.chirimiri.kvs.ac.in से अथवा विद्यालय के गार्ड रूम से प्राप्त किए जा सकते हैं।

प्राचार्य श्री अरोंग ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के दिशा-निर्देशों और सेवा श्रेणी (Cat-1, 2, 3) के आधार पर की जाएगी। कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 55% अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा तथा छात्र द्वारा चयनित विषय संयोजन विद्यालय में उपलब्ध होना चाहिए। प्रवेश केवल नियमों एवं सीटों की उपलब्धता के अनुसार ही प्रदान किया जाएगा।

महत्वपूर्ण नियम एवं शर्तें:

1. प्रवेश केवल केंद्रीय विद्यालय की सेवा श्रेणी के अनुसार किया जाएगा।

2. कक्षा 9वीं/11वीं की परीक्षा में न्यूनतम 55% अंक अनिवार्य हैं।

3. विषय संयोजन विद्यालय में उपलब्ध होना चाहिए।

4. छात्र को संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्रता रखनी चाहिए।

आवश्यक दस्तावेज़:

1. सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी सेवा प्रमाण पत्र

2. स्थानांतरण प्रमाण पत्र

3. जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

4.कक्षा 9वीं/11वीं के अंक प्रमाण पत्र

5.आधार कार्ड की प्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो

6.निवास प्रमाण पत्र


उपरोक्त सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रति निर्धारित तिथि के भीतर विद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों की पुष्टि के उपरांत ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा। विद्यार्थियों को सभी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां साथ लाना आवश्यक है, जिनका सत्यापन उसी दिन किया जाएगा।

प्रवेश हेतु अधिक जानकारी के लिए विद्यालय के प्रवेश प्रभारी अश्विनी कुमार शुक्ला (मोबाइल: 8182070456) से संपर्क किया जा सकता है।

To Top