शिवांश जैन बने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के अध्यक्ष, युवा नेतृत्व पर पार्टी ने जताया भरोसा

चिरमिरी (जितेंद्र मिश्रा)। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पार्टी ने युवा नेता शिवांश जैन को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भाजपा के बाद अब कांग्रेस भी युवाओं को आगे बढ़ाने की नीति पर गंभीरता से काम कर रही है, ताकि संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल सके।


विदित हो कि, शिवांश जैन पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल के करीबी माने जाते हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता भी हैं, जिससे उनकी संगठनात्मक सक्रियता, युवाओं में उनकी अच्छी पकड़, वरिष्ठ नेताओं के साथ संतुलित समन्वय और जमीनी राजनीति की समझ के कारण वे एक लोकप्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।


अपने पार्षद कार्यकाल में उन्होंने वार्ड के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनता से निरंतर संवाद कर सराहनीय कार्य किए, जिसकी चर्चा आज भी स्थानीय स्तर पर होती है। यह अनुभव उनके संगठनात्मक कार्यों को मजबूती देता है।


नियुक्ति के बाद शिवांश जैन ने कहा कि संगठन को मजबूत करना, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस अवसर पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ जननेताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे।

To Top