राष्ट्रीय गणित दिवस पर श्रीनिवास रामानुजन की जयंती मनाई गई

 चिरमिरी/कोरिया (जितेंद्र मिश्रा )। शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुण्ठपुर में विश्व प्रसिद्ध गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन जी की जयंती के उपलक्ष्य में 21 दिसम्बर को राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया।


यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के सहयोग एवं जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता के संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का निर्देशन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक श्री हरिकांत अग्निहोत्री ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी माता सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनसुख की छात्रा कु. श्रेया यादव ने अपने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कोरिया जिले के विभिन्न शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

राष्ट्रीय गणित दिवस के अंतर्गत तीन प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं—गणित प्रश्नोत्तरी, गणित पोस्टर प्रतियोगिता, और गणित मॉडल प्रतियोगिता। इन प्रतियोगिताओं में लगभग 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, और निर्णायक मंडल ने गहन निरीक्षण के बाद तीन सर्वश्रेष्ठ मॉडल एवं तीन सर्वश्रेष्ठ पोस्टरों का चयन किया।


गणित प्रश्नोत्तरी दो स्तरों पर आयोजित की गई। माध्यमिक विद्यालय स्तर पर प्रश्नोत्तरी का संचालन श्री विनय तिवारी, शिक्षक, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, नगर ने किया। उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर की प्रश्नोत्तरी का संचालन श्री वीरेंद्र कुमार जायसवाल, व्याख्याता गणित, सेजस खरवत ने किया।

निर्णायक मंडल में श्रीमती रीता साहू (व्याख्याता गणित, शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुण्ठपुर), श्रीमती जिज्ञासा दुबे (व्याख्याता, शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुण्ठपुर), श्री वीरेंद्र जायसवाल, श्री अख्तर मंसूरी (व्याख्याता, सेजस खरवत), और श्री विनय तिवारी शामिल थे।

कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश कुमार पांडेय, व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भखार ने किया। संपूर्ण आयोजन का प्रबंधन श्री नरेंद्र दुबे, व्याख्याता, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर द्वारा किया गया।

आयोजक संस्था की प्राचार्या श्रीमती कृपा कल्याणी टोप्पो ने अपने संबोधन में गणित की जीवन में उपयोगिता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को गणित का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना की और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने का आश्वासन दिया।


कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, और मेडल प्रदान किए गए। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

To Top