शपथ ग्रहण समारोह में प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भरतपुर विधायक रेणुका सिंह, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े और जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले रहे उपस्थित
स्थायित्व, बेरोजगारी और साफ-सफाई के लिए समर्पित रहेगी शहर सरकार – केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
चिरमिरी की जनता को भाजपा का जनप्रतिनिधि चुनने के लिए धन्यवाद – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव
चिरमिरी (जितेंद्र मिश्रा)। नगर पालिक निगम चिरमिरी में नवनिर्वाचित महापौर राम नरेश राय और 40 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज नगर निगम परिसर में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रेणुका सिंह, विधायक भैयालाल राजवाड़े और जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।महापौर पद की शपथ लेते हुए राम नरेश राय ने चिरमिरी के विकास को तेज गति से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और नगर की स्वच्छता, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के 27 पार्षदों और 2 निर्दलीय पार्षदों ने भाग लिया, जबकि कांग्रेस के 11 निर्वाचित पार्षदों ने समारोह से दूरी बनाए रखी और उनका शपथ ग्रहण नगर निगम कार्यालय के कलेक्टर कक्ष में संपन्न हुआ। हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जिसमें राम नरेश राय को 18,891 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के डॉ. विनय जायसवाल को 13,199 मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रचंड जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी के संपूर्ण विकास को भाजपा सरकार की प्राथमिकता मिलेगी और जनता ने ट्रिपल इंजन सरकार का जो समर्थन दिया है, उससे विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्थायित्व, बेरोजगारी उन्मूलन और नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है और आने वाले समय में चिरमिरी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा नेताओं ने चिरमिरी को स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चिरमिरी में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करने, सड़क, जल आपूर्ति, स्वच्छता और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का संकल्प लिया गया। भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास इस बात की ओर इशारा करता है कि नगर की जनता को आगामी वर्षों में एक सुव्यवस्थित और प्रगतिशील चिरमिरी देखने को मिलेगा। डबल इंजन सरकार के साथ अब चिरमिरी को ट्रिपल इंजन का विकास मिलेगा, जिससे नगर के नागरिकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।






